home page

अयोध्या : दीपोत्सव की तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा

 | 
अयोध्या : दीपोत्सव की तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा


-सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश, श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों की सुविधाओं का रखा जाए विशेष ध्यान

अयोध्या, 10 सितंबर (हि.स.)। आगामी दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों शोभायात्रा, श्री रामलीला, सरयू आरती, झांकियों एवं प्रदर्शनी तथा मंच व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे दीपोत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यातायात व्यवस्था, बैरिकेटिंग, हेलीपैड, पार्किंग, गोल्फ कार्ट व्यवस्था, घाटों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था को समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों की रेलिंग एवं डिवाइडर की मरम्मत, क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों की मरम्मत तथा कार्यक्रम स्थलों पर लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।

मंडलायुक्त ने दीपोत्सव के दौरान अनवरत एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने तथा व्यवस्थाओं का लगातार अनुश्रवण करने को कहा।

पंचकोसी एवं चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग की भी हुई समीक्षा

बैठक में पंचकोसी एवं चौदहकोसी परिक्रमा की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने परिक्रमा मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को निर्धारित समय से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिक्रमा शुरू होने से पूर्व मार्ग पर आवश्यक विद्युत पोल स्थापित कर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी विद्युत पोलों की नंबरिंग कराई जाए, ताकि उनका आसानी से चिन्हांकन एवं अनुश्रवण किया जा सके।

मंडलायुक्त ने कहा कि दीपोत्सव एवं परिक्रमा के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।

बैठक में डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त जयेंद्र, अयोध्या विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अनुराग जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय