home page

अयोध्या में श्रद्धालुओं के स्वागत का प्रतीक बनेगा गेट कॉम्प्लेक्स

 | 
अयोध्या में श्रद्धालुओं के स्वागत का प्रतीक बनेगा गेट कॉम्प्लेक्स


अयोध्या, 27 जून (हि.स.)। रामनगरी अयोध्या को एक नई पहचान और आधुनिक स्वरूप मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल और पर्यटन विभाग के प्रयासों से अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग पर भारत कुंड व बीकापुर के बीच में भव्य गेट कॉम्प्लेक्स एवं बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। यह परियोजना न केवल अयोध्या के प्रवेश द्वार को भव्य बनाएगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को नई गति भी प्रदान करेगी। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 20.25 करोड़ रुपये है।

कार्यदाई संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 2023 में कार्य शुरू कराया गया था। यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना की भौतिक प्रगति पूरी कर ली गई है। पर्यटन विभाग की यह महत्वाकांक्षी परियोजना अयोध्या को विश्व स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। राम मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह गेट कॉम्प्लेक्स स्वागत का प्रतीक बनेगा। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। काबिलेगौर है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को विश्व का सबसे सुंदर और सुव्यवस्थित धार्मिक शहर बनाने का संकल्प लिया है। गेट कॉम्प्लेक्स और बाउंड्री वॉल का निर्माण इसी संकल्प का हिस्सा है। इस परियोजना के पूरा होने से अयोध्या की सुंदरता, सुरक्षा और व्यवस्था में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

भव्यता से श्रद्धालु और पर्यटक का ध्यान हो रहा आकर्षित

नए गेट कॉम्प्लेक्स में भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक वास्तुकला, उच्च गुणवत्ता वाली लाइटिंग व्यवस्था और आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं शामिल हैं। बाउंड्री वॉल ने पूरे क्षेत्र को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बना दिया है। दिन हो या रात, यह गेट कॉम्प्लेक्स अपनी भव्यता से हर आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक का ध्यान आकर्षित कर रहा है। अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग अब रामनगरी में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को भगवान राम की पावन भूमि की पहली झलक ही भव्य रूप में देगा। इस गेट काप्लेक्स में आवश्य सुविधाएं जैसे पार्किंग, शौचालय, बैठने के लिए छायादार स्थल, रोड, बागवानी समेत कई और विकास से जुड़े कार्य जोड़े गए हैं।

राम भक्ति की भावना होगी प्रबल

अब अयोध्या आने वाले हर पर्यटक और श्रद्धालु को आधुनिक और भव्य प्रवेश द्वार मिलेगा, जो राम भक्ति की भावना को और प्रबल करेगा। यह गेट कॉम्प्लेक्स केवल एक इमारत नहीं, बल्कि अयोध्या के विकास और गौरव का प्रतीक बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय