home page

भाजपा ने मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर बनाई रणनीति, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस

 | 
भाजपा ने मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर बनाई रणनीति, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस


-महानगर प्रभारी शिवभूषण सिंह ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, छूटे हुए मतदाताओं के फार्म-6 भरवाने के निर्देश

अयोध्या, 16 नवंबर (हि.स.)।

सर्किट हाउस सभागार में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत भाजपा महानगर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगर प्रभारी शिवभूषण सिंह ने अभियान की रूपरेखा तय करते हुए पदाधिकारियों को अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदाता सूची के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी।

महानगर प्रभारी शिवभूषण सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा इंटर कॉलेज, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों में छात्रों से संपर्क कर उन्हें मतदाता बनाने का अभियान चलाएगा। सरकारी योजनाओं के लाभार्थी छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से संपर्क किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर मतदाता पंजीकरण कराया जाएगा। महिला मोर्चा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और आशा बहुओं के माध्यम से पात्र महिलाओं को चिह्नित करेगा, जो अभी तक मतदाता नहीं बन पाई हैं। ऐसी महिलाओं के फार्म-6 भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन नवयुवकों की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, उन्हें मतदाता बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। अभियान के दौरान जमा किए गए फार्मों की ऑनलाइन निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए महानगर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

शिवभूषण सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूचियों का आपस में मिलान किया जाए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत की मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। पात्र लोगों के फार्म भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो व्यक्ति संबंधित बूथ क्षेत्र में निवास नहीं करते हैं, बाहर रह रहे हैं अथवा एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, उनके मामलों में नियमानुसार फार्म-8 भरवाकर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराया जाए।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर पात्र युवाओं और महिलाओं को मतदाता बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और नए मतदाताओं का पंजीकरण पूरी गंभीरता से कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।

बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधानसभा प्रभारी राजेश सिंह बबलू, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, महामंत्री शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्रा, शिवेंद्र सिंह, अभियान प्रभारी सुधीर सिंह मुन्ना, तिलकराम मौर्य, बालकृष्ण वैश्य, अरविन्द सिंह, शशि प्रताप सिंह, शिवम शुक्ला, प्रवीण दुबे, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, मुकेश तिवारी, कपिल देव वर्मा, मोर्चा, मंडल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

वीरांगना ऊदा देवी पासी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

वीरांगना ऊदा देवी पासी की पुण्यतिथि पर भाजपा पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साहस, शौर्य और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय