home page

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान

 | 
गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान


- 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेगा अभियान, आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम

अयोध्या, 25 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान 29 जुलाई से प्रारंभ होकर गुरु रविदास जयंती (20 फरवरी) तक चलेगा। अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए शनिवार को महानगर कार्यालय, सहादतगंज में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने की।

कार्यशाला में अभियान के विभिन्न चरणों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके तहत 29 जुलाई को गुरु रविदास महाराज कलश वंदन एवं समरसता दीप अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा संत संपर्क, समरसता कार्यक्रम, युवा एवं छात्रावास संपर्क अभियान सहित विभिन्न सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समरसता, सामाजिक सद्भाव और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वाणी से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

अभियान के संचालन के लिए महामंत्री शैलेन्द्र कोरी को अभियान संयोजक बनाया गया है। इस दाैरान काशीराम रावत, दिनेश कन्नौजिया, वरूण चौधरी, अभिषेक सागर को सह संयोजक बनाया गया है। कार्यशाला में महामंत्री परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, अरविन्द सिंह, बालकष्ण वैश्य, हरभजन गौड, प्रदीप यादव, सर्वज्ञ सिंह, अशोक द्विवेदी, रीना द्विवेदी, गरिमा मौर्या, रवि सिंह, शिवम शुक्ला, मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, कपिल देव वर्मा, हेमंत जायसवाल, सचिन सरीन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय