home page

खेलों से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास : संदीप सिंह

 | 
खेलों से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास : संदीप सिंह


- खेलो खिल खिला के 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन

अयोध्या, 09 मार्च (हि.स.)। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत नौनिहाल बच्चों की खेल प्रतिभा को तराशने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह द्वारा डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा गुब्बारे उड़ाकर सोमवार को किया गया। कार्यक्रम में एडी बेसिक अयोध्या कौस्तुभ कुमार सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद द्वारा मुख्य अतिथि तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया तथा मुख्य अतिथि को श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विभिन्न मंडलों से आए बच्चों द्वारा मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।अयोध्या मंडल के सुल्तानपुर की छात्रा अनुश्री ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई तथा मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खेलों में सहभागिता से बच्चों में टीम भावना, प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित होता है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में नियमों का पालन और नियमित दिनचर्या अपनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार किसी भी खिलाड़ी के लिए अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत होती है। आज मैदान में उपस्थित बच्चों में से ही कई खिलाड़ी भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए एडी बेसिक अयोध्या सहित सभी व्यायाम शिक्षकों, शिक्षकों एवं आयोजकों की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक रुदौली रामचंद्र यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण ग्रामीण अंचल के बच्चे भी ब्लॉक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं विधायक मिल्कीपुर चंद्रभान पासवान ने कहा कि योगी सरकार में खेलों को लगातार बढ़ावा मिला है, जिससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देवीपाटन के एडी बेसिक रमापति राम त्रिपाठी, झांसी के एडी बेसिक संतोष देव पांडेय, गोरखपुर की एडी बेसिक सुश्री संगीता सिंह, बीएसए लालचंद, अमेठी बीएसए संजय तिवारी, बाराबंकी बीएसए नवीन पाठक, अंबेडकरनगर बीएसए शैलेश पटेल, जिला व्यायाम शिक्षक विश्वनाथ सिंह, मंडलीय व्यायाम शिक्षक राहुल तिवारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार में विद्यालयों का कायाकल्प हुआ है। प्रदेश के अधिकांश विद्यालय अब मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित हो चुके हैं। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के परिणाम

प्राथमिक स्तर:400 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में विदुषी पांडेय (गाजीपुर) प्रथम तथा रोशनी (कासगंज) द्वितीय रहीं।

400 मीटर बालक वर्ग में कार्तिक (अमरोहा) प्रथम, संजय (उन्नाव) द्वितीय तथा राजेंद्र (गाजीपुर) तृतीय स्थान पर रहे।

जूनियर वर्ग

600 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में अतिया (देवरिया) प्रथम, शिवांगी यादव (जौनपुर) द्वितीय तथा करिश्मा तृतीय रहीं।

600 मीटर बालक वर्ग में आकाश (गाजीपुर) प्रथम, अर्जुन (रामपुर) द्वितीय तथा अमन (बुलंदशहर) तृतीय स्थान पर रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय