home page

'खेलो इंडिया संवाद' ने युवाओं में खेल संस्कृति को एक नई दिशा और ऊर्जा दी : कुलसचिव

 | 
'खेलो इंडिया संवाद' ने युवाओं में खेल संस्कृति को एक नई दिशा और ऊर्जा दी : कुलसचिव


अयोध्या, 27 अगस्त (हि.स.)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त को देश भर में 'खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पलक तिवारी एथलेटिक धावक ने उपस्थित छात्रों से संवाद किया। पलक तिवारी का विश्वविद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा।

अपने राष्ट्रव्यापी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि

खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की मजबूत नींव है। जब एक युवा मैदान पर उतरता है, तो वह न केवल खेल कौशल सीखता है बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में चरित्र निर्माण का पाठ भी पढ़ता है। विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और फिटनेस के क्षेत्र में हर संभव अवसर व मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में युवाओं को खेलों के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों, प्रतिभा विकास और फिट इंडिया अभियान के महत्व से परिचित कराया गया। अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का शपथ एवं संकल्प लिया।

प्रतिभागियों ने माय भारत पोर्टल और डिजिटल सुझाव बॉक्स के जरिए खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और 2036 के ओलंपिक की तैयारियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस समन्वयक आशुतोष सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय