home page

अनुशासित रहकर राष्ट्र निर्माण में निरंतर करें योगदान : प्रो. नीलम पाठक

 | 
अनुशासित रहकर राष्ट्र निर्माण में निरंतर करें योगदान : प्रो. नीलम पाठक


- एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का दिया संदेश

अयोध्या, 23 अगस्त (हि.स.)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने रविवार को 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय कर्तव्य-बोध को सुदृढ़ करना था। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश और कुलपति कर्नल (डॉ.) विजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया।

विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से सुल्तानपुर बाईपास होते हुए नगर क्षेत्र की ओर हाथों में तिरंगा थामे कैडेट्स भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ बढ़े मार्ग में कैडेट्स ने जनमानस को नशामुक्ति, स्वच्छता, टीबी मुक्त समाज, स्वास्थ्य संवर्धन और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। सभी युवाओं से अनुशासित रहकर राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

कंपनी कमांडर कैप्टन प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में यह अभियान संपन्न हुआ। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल राष्ट्र-चेतना का जीवंत संकल्प है, और जब युवा राष्ट्रीय ध्वज लेकर आगे बढ़ते हैं, तभी विकसित भारत की संकल्पना साकार होती है।

इस अवसर पर अंडर ऑफिसर दिव्यांशी पाठक, सीनियर कैडेट वर्षा वर्मा, शिवम मिश्रा, समीर उपाध्याय सहित भारी संख्या में एनसीसी कैडेट्स सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय