home page

आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा के साथ राजनीति को भी दी नई दिशा : कुलपति

 | 
आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा के साथ राजनीति को भी दी नई दिशा : कुलपति


- आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर कृषि विवि में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन, रन फॉर यूनिटी में तीन किमी. दौड़े छात्र-छात्राएं, कुलपति ने किया सम्मानित

अयोध्या, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में शिक्षाविद व समाज सुधारक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती धूम-धाम के साथ मनाई गई। शनिवार को कार्यक्रम में महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुशीनगर के कुलपति डॉ. राम जी सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कुलपति बनने के बाद पहली बार कुलपति कृषि विवि पहुंचे और कुशीनगर के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को भी देखा। कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह व अन्य अतिथियों ने आचार्य नरेंद्र देव व सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर रन रन फॉर यूनिटी एवं भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

बतौर मुख्य अतिथि डा. रामजी सिंह ने कहा कि इस विश्वविद्यालय ने आचार्य नरेंद्र देव के नाम को चरितार्थ किया है और पूर्वांचल के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है। उद्यान एवं वानिकी के क्षेत्र में आचार्य नरेंद्र देव का नाम राेशन होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक हो या छात्र, अपने व्यक्तित्व को गढ़ने की जरूरत है। हर व्यक्ति को छात्र, शिक्षक और प्रशासक के रूप में आगे बढ़ते रहना चाहिए। कुलपति डा. सिंह ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव शिक्षक रहते हुए भी राजनीति को नई दिशा दी थी। वे इस कृषि विवि में 2002 से 2008 तक कार्यरत रहे और इस विवि से उनका परिवार जैसा जुड़ाव था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने लौह पुरुष सरदार पटेल को याद करते हुए कहा कि वे आधुनिक भारत के निर्माता थे। देश और समाज के उत्थान के प्रति उनका योगदान महत्वपूर्ण था। इस मौके पर कुलपति ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कुलपति ने कहा कि जबतक कुशीनगर कृषि विवि का निर्माण नहीं हो जाता तबतक छात्र-छात्राएं यहीं शिक्षा ग्रहण करेंगे और उन्हें किसी प्रकार की समस्याएं नहीं होने दी जाएगी।

इस मौके पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में हर्षिता जायसवाल प्रथम, रितेश व सर्वेश दूसरे व नंदिनी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं रन फॉर यूनिटी छात्रा वर्ग में अनामिका प्रथम, नैना द्वीतीय व रोली आकृति तृतीय रहीं। छात्र में मोहित प्रथम, कमलदीप द्वीतीय व प्रशांत तीसरे स्थान पर रहे। कर्मचारी में डॉ. अजय राजभर को सम्मानित किया गया। स्वागत संबोधन डा. भगवानदीन व अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन डा. डा. डी. नियोगी ने दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय