सीएससी के जरिए डिजिटल न्याय को मजबूती, टेली लॉ पर जागरूकता कार्यक्रम
मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। विकास भवन सभागार में गुरुवार को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से डिजिटल न्याय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से टेली लॉ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव पल्लवी सिंह ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्णकालिक सचिव पल्लवी सिंह ने कहा कि न्याय तक समान पहुंच लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे मामलों में महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सलाह, अधिवक्ता की सुविधा तथा न्यायिक सहयोग प्रदान किया जाता है। साथ ही मध्यस्थता 2.0 अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इसमें सीएससी एक प्रभावी सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
न्याय विभाग एवं सीएससी ई-गवर्नेंस के टेली लॉ राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने कहा कि टेली लॉ योजना केवल कानूनी सलाह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कानूनी जागरूकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, टोल-फ्री कॉल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पैनल अधिवक्ता सरल भाषा में कानून की जानकारी दे रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कानून को लेकर फैला डर और भ्रम दूर हो रहा है।
कार्यक्रम में कॉमन सर्विस सेंटर की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जन सेवा केंद्र अब केवल सरकारी सेवाओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि ग्रामीणों के लिए कानूनी सहायता का भरोसेमंद केंद्र बनते जा रहे हैं। सीएससी के माध्यम से नागरिक टेली लॉ योजना के तहत पैनल अधिवक्ताओं से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर रहे हैं, जिससे अदालत जाने से पहले ही विवादों का समाधान संभव हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वीएलई ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अब गांवों में लोग छोटी-छोटी कानूनी समस्याओं के लिए भटकने के बजाय सीधे नजदीकी जन सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं, जहां उन्हें सम्मानपूर्वक मार्गदर्शन और सहायता मिल रही है।
इस अवसर पर लिपिक सुनील सोनी, जय प्रकाश सरोज (पीएलवी/अधिकार मित्र), ध्रुव त्रिपाठी सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व वीएलई उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

