अवैध खनन के वाहनों को संचालित करने का ठेका लेने वाले अज्ञात माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, 05 फरवरी (हि.स.)। अवैध खनन के वाहनों को संचालित करने का ठेका लेने वाले अज्ञात माफिया के खिलाफ थाना सिविल लाइंस की पुलिस ने गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जिले के खान अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने गुरुवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ट्रांसपोर्टर्स के व्हाट्सएप ग्रुप पर खनन एव परिवहन विभाग के नाम से एक संदेश प्रसारित हो रहा है। संदेश में बताया गया कि चार फरवरी से खनन एवं परिवहन की विभाग की तरफ से एंट्री शुरू होने वाली है।
इस मामले में वाहनों को ट्रांसपोर्टरों से जोड़ने का अनुरोध किया गया। खान अधिकारी ने बताया कि उनके विभाग से इस संदेश का कोई लेना देना नहीं है। इससे सरकार और खनन विभाग की छवि धूमिल हो रही है। संदेश में शामिल व्यक्ति के दो नंबर 8923017481 व 0411043447 अंकित किया हैं। इस प्रकार भ्रामक सूचनाएं एवं अवैध वसूली की सूचना से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रहा है।
इस बारे में थाना सिविल लाइन प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है कि दोनों नंबरों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

