home page

आगरा मंडल के छाता-कोसीकलां खंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू

 | 
आगरा मंडल के छाता-कोसीकलां खंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू


प्रयागराज, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल के छाता-कोसीकलां खंड में तीसरी व चौथी लाइन पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली सफलतापूर्वक कमीशन कर दी गई है।

यह जानकारी शनिवार को वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने देते हुए बताया कि एनसीआर के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सतेंद्र कुमार, मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (प्रोजेक्ट-2) भोलेंद्र सिंह के मार्गदर्शन तथा देख-रेख में प्रोजेक्ट यूनिट टूंडला द्वारा सफलता पूर्वक किया गया।

उन्होंने बताया कि नई तकनीक के माध्यम से अब ट्रेनें एक-दूसरे के पीछे कम दूरी पर भी सुरक्षित रूप से चलाई जा सकेंगी, जिससे खंड की लाइन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ट्रेनों के समयपालनता में सुधार आएगा। साथ ही, इस उन्नत प्रणाली से मानवीय त्रुटियों की सम्भावना में कमी आएगी।

पीआरओ ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में आगरा मंडल के भूतेश्वर-वृंदावन, वृंदावन-अझई, अझई-छाता तथा छाता-कोसीकलां खंडों में तीसरी एवं चौथी लाइनों पर कुल 40 किमी ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली चालू की जा चुकी है। यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे की संरक्षा, क्षमता वृद्धि एवं समयबद्ध रेल संचालन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र