home page

औरैया : नानी के घर आए युवक का पेड़ पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

 | 
औरैया : नानी के घर आए युवक का पेड़ पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद


-मारपीट और धमकाने का जिक्र होने की बात, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

औरैया, 29 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र के कुंवरदेवपुर गांव में नानी के घर आए 20 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मारपीट और धमकाने का जिक्र होने की बात सामने आई है।

अजीतमल थाना क्षेत्र के हैदरपुर निवासी ऋषभ पुत्र सर्वेश कुमार चार दिन पहले अयाना थाना क्षेत्र के कुंवरदेवपुर गांव में अपनी नानी रेशमा देवी के घर आया था। उसके चचेरे नाना सर्वेश ने बताया कि वह अपनी बेटी जूली की शादी में शामिल होने के लिए चिचौली में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में गए थे। घर पर रेशमा देवी अकेली थीं। शाम को जब वह घर लौटे तो ऋषभ घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास के खेतों में उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान अयोध्या प्रसाद के खेत में आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे ऋषभ का शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां सोनी देवी, भाई हिमांशु, बहन दिव्यांशी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सोनी देवी ने बताया कि उनका बेटा अविवाहित था।

बृहस्पतिवार को सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, लेकिन उसमें लिखी बातों को पढ़कर स्पष्ट रूप से समझा नहीं जा सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार