home page

औरैया में दर्दनाक हादसा : निर्माणाधीन दीवार गिरी, दादी और 10 वर्षीय पोती की मौत

 | 

औरैया, 04 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। एरवा कटरा थानाक्षेत्र के भटपुरा गांव में तेज हवा के चलते निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दादी और उनकी 10 वर्षीय पोती की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, एरवा कुईली ग्राम पंचायत के मजरा बहारिया निवासी 55 वर्षीय कमलेश देवी अपनी पोती आंशिक के साथ किशनपुर जाने वाली सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान के पास बिखरी मौरंग व अन्य सामग्री इकट्ठा कर रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे तेज हवा का झोंका आया और अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दोनों मलबे में दब गईं।

परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को सैफई रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोपहर करीब 03 बजे जैसे ही दोनों की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राकेश कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल अमित कुमार मौके पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण किया। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार