home page

औरैया : वामा वेलनेस मेडिकल कैंप में 113 पुलिस परिवारों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

 | 
औरैया : वामा वेलनेस मेडिकल कैंप में 113 पुलिस परिवारों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण


औरैया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आरआई पारस नाथ चौधरी की देखरेख में हुआ। शिविर में पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न रोगों से पीड़ित लोगों का परीक्षण कर होम्योपैथिक पद्धति से निशुल्क उपचार एवं परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं।

वहीं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर में जिला चिकित्सा टीम के ऑर्थो सर्जन, नेत्र सर्जन और फिजिशियन के साथ महिला विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श दिया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

मेडिकल टीम द्वारा शिविर में आए पुलिस परिवार के सदस्यों का विभिन्न प्रकार का स्वास्थ्य परीक्षण और चेकअप भी किया गया। शिविर के दौरान कुल 113 पुलिस परिवार के लोगों को होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने के साथ उपचार और दवाइयां प्रदान की गईं।

वामा सारथी की ओर से आयोजित इस मेडिकल कैंप का उद्देश्य पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार