औरैया : दो साल से लापता कांस्टेबल की तलाश में पुलिस के प्रयास जारी, नहीं मिला सुराग
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीडीआर व मोबाइल लोकेशन से तलाश जारी, आमजन से सूचना देने की अपील
औरैया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में थाना अछल्दा में तैनात रहे कांस्टेबल आशीष कुमार पाण्डेय के लापता होने के मामले में पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली औरैया में दो सितंबर 2025 को गुमशुदगी रपट संख्या 58 दर्ज की गई थी। करीब एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस को उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि कांस्टेबल की तलाश के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आशीष कुमार पाण्डेय मूल रूप से फतेहपुर जिले के ग्राम समसपुर, पोस्ट दरौटा, थाना लालपुर के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, आशीष की पत्नी रंजना देवी ने प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनके पति थाना अछल्दा में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। 21 जुलाई 2022 को उन्हें थाना अछल्दा से पुलिस लाइन औरैया के लिए रवाना किया गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की गई।
पुलिस ने बताया कि तलाश के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के माध्यम से जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर पतारसी-सुरागरसी भी कराई गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांस्टेबल की तलाश जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आशीष कुमार पाण्डेय के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर कोतवाली औरैया अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

