औरैया : दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दो युवकों के शव मिले
औरैया, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर गुरुवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव अछल्दा थाना क्षेत्र के धारा का पुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े मिले। स्टेशन मास्टर ने सुबह करीब नौ बजे पुलिस को मेमो भेजकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुन्नालाल और मेवालाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर की ओर से भेजे गए मेमो के अनुसार, दोनों शव रेलवे खंभा संख्या 1112/3 और 1112/10 के पास मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अछल्दा थाना प्रभारी के मुताबिक, दोनों मृतकों की उम्र करीब 30 से 31 वर्ष के बीच है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। एक युवक ने स्लेटी रंग की फुल बाजू टीशर्ट, काली जैकेट और काला लोअर पहन रखा था, जबकि दूसरे ने काली-सफेद रंग की फुल बाजू टीशर्ट और काला लोअर पहना था।
पुलिस को तलाशी के दौरान दोनों शवों के पास से दो टूटे हुए मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर रही है। युवकों की पहचान के लिए आसपास के थानों और जीआरपी से संपर्क किया गया है।
थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि दाेनाें युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शवाें की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

