जिलाधिकारी और एसपी ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर यातायात माह का किया शुभारंभ
‘सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन’ थीम पर पूरे नवंबर चलेगा अभियान, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
औरैया, 01 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जनपद में रविवार को यातायात माह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने यातायात नियमों के पालन के लिए अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स को शपथ दिलाई। इसके बाद खानपुर चौराहा स्थित यातायात सहायता केंद्र से यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष यातायात माह की थीम ‘सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन’ रखी गई है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, एआरटीओ एनसी शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर सहित यातायात पुलिसकर्मी, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का प्रभावी अनुपालन जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने पर भी जोर दिया।
यातायात माह के दौरान स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गोल्डन ऑवर और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नेक मददगारों की भूमिका के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

