home page

औरैया : सर्पदंश से किशोर की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में भटकते रहे परिजन

 | 
औरैया : सर्पदंश से किशोर की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में भटकते रहे परिजन


औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम लिधौरा में 13 वर्षीय किशोर की सर्पदंश से मौत हो गई। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजन अंधविश्वास में पड़कर उसे झाड़-फूंक के लिए इटावा और मध्य प्रदेश तक ले गए। अंततः कोई फायदा नहीं हुआ और शनिवार को शव गांव लाया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लिधौरा में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अंश शाक्य (13)घर के बाहर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सर्प ने पैर में डंस लिया। अंश ने उस समय किसी को इसकी जानकारी नहीं दी और मां स्वाति व दादी के साथ धान की रोपाई के लिए खेत चला गया। करीब दो-तीन घंटे बाद खेत से लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और चक्कर आने लगे। तब उसने परिजनों को सर्पदंश की जानकारी दी।

परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले गए, जहां डॉ. ललित मोहन ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की पुष्टि होने के बावजूद परिजन उसे पहले जसवंतनगर (इटावा) और फिर मध्य प्रदेश स्थित रत्नगढ़ देवी मंदिर झाड़-फूंक के लिए ले गए। मंदिर में करीब दो घंटे तक झाड़-फूंक की गई, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिजन शव लेकर गांव लौटे।

उधर, परिजनों ने एक सपेरे को बुलाकर घटनास्थल पर सर्प की तलाश कराई। करीब 20 मिनट की खोजबीन के बाद सपेरे ने सर्प को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया।

मृतक अंश के पिता नीलेश शाक्य अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। अंश दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार