home page

औरैया : सपा ने ब्राह्मण सम्मेलन कर 2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प

 | 
औरैया : सपा ने ब्राह्मण सम्मेलन कर 2027 में सपा सरकार बनाने का लिया संकल्प


औरैया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शहर के नेशनल हाईवे स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने ब्राह्मण समाज सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे पहुंचे। उनका हजारों कार्यकर्ताओं ने और लोगों ने जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन में ब्राह्मण समाज ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि सांसद सनातन पांडे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज सबसे बड़ा समाज है, क्योंकि उसमें सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया और चंदे में अनियमितताएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।

सांसद ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन ने पहली बार भाजपा सरकार को झुकने पर मजबूर किया। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश हमेशा देश की राजनीति को नई दिशा देता रहा है और आने वाले समय में प्रदेश के साथ देश की राजनीति में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की आगामी पुण्यतिथि पर देशव्यापी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के मौजूदा हालात और राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व विधायक रामजी शुक्ला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, लालजी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार