home page

औरैया : दिव्यांगजनों को 45 ट्राईसाइकिल समेत 70 सहायक उपकरण बांटे

 | 
औरैया : दिव्यांगजनों को 45 ट्राईसाइकिल समेत 70 सहायक उपकरण बांटे


औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड औरैया में दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इस दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के 55 लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में दिव्यांगजन लाभार्थियों को कुल 45 ट्राईसाइकिल, सात व्हीलचेयर, 10 बैसाखी, छह छड़ी और दो कान की मशीनें वितरित की गईं। सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके सशक्तीकरण व स्वावलंबन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे।

पिछड़ा वर्ग के 55 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से पिछड़ी जाति के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना एवं छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 55 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और युवाओं को सहायता प्रदान कर शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक रूप से पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इस दिशा में पात्र लाभार्थियों के चिन्हांकन, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार