home page

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 95 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण

 | 
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 95 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण


औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सदर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार