home page

आलू निकासी की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय, किसानों को अनुदान के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन

 | 
आलू निकासी की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय, किसानों को अनुदान के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन


आलू निकासी की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय, किसानों को अनुदान के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन

औरैया, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में निजी शीतगृहों में भंडारित आलू और बीज आलू की निकासी के लिए शासन ने 30 नवंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की है। जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी ने आलू उत्पादक किसानों और निजी शीतगृह संचालकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत आलू की निकासी सुनिश्चित करने की अपील की है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में आलू की बुवाई का अंतिम समय चल रहा है। ऐसे में शीतगृहों से आलू की समय से निकासी जरूरी है, जिससे आगामी फसल की बुवाई के लिए किसानों को परेशानी न हो। जनपद के 17 निजी शीतगृहों में कुल 1,37,253 मीट्रिक टन आलू भंडारित किया गया था। इसमें से अब तक करीब 76 प्रतिशत आलू की निकासी हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर भंडारण प्रभार अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए पात्र किसान 30 नवंबर तक potato.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

योजना के तहत अब तक 1,417 किसानों ने आवेदन किया है। इनमें से 581 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 44.04 लाख रुपये की अनुदान राशि भेजी जा चुकी है। शेष आवेदकों के अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। पात्र पाए जाने पर उनके खातों में भी अनुदान राशि भेजी जाएगी।

अनुदान के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, खसरा, आलू आमद रसीद, भाड़ा भुगतान रसीद, गेटपास और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से समय रहते आलू की निकासी और अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार