home page

पीईटी-2026 को लेकर डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

 | 
पीईटी-2026 को लेकर डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण


औरैया, 24 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शनिवार को जिले के विभिन्न चयनित परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पीईटी-2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को आयोजित की जानी है। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों, वॉयस रिकॉर्डर और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी कैमरे और निगरानी उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी, बैठने की समुचित व्यवस्था और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और फ्लाइंग स्क्वाड तैनात रहेंगे। केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ संदिग्ध और उपद्रवी तत्वों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानन्द, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार