पीईटी परीक्षा में 4065 अभ्यर्थी शामिल, 2463 रहे अनुपस्थित
औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। दोनों पालियों में कुल 6528 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4065 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2463 अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में 3264 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2013 उपस्थित और 1251 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 61.67 प्रतिशत और अनुपस्थिति 38.33 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, दूसरी पाली में 3264 अभ्यर्थियों में से 2052 ने परीक्षा दी, जबकि 1212 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 62.87 प्रतिशत और अनुपस्थिति 37.13 प्रतिशत रही।
परीक्षा के लिए चौधरी विशम्भर सिंह भारतीय इंटर कॉलेज औरैया, जनता महाविद्यालय अजीतमल, नगर पालिका इंटर कॉलेज औरैया, जनता इंटर कॉलेज अजीतमल, तिलक इंटर कॉलेज औरैया, तिलक महाविद्यालय औरैया, वैदिक टेक्निकल एवं औद्योगिक इंटर कॉलेज दिबियापुर तथा जिला पंचायत इंटर कॉलेज मुरादगंज को केंद्र बनाया गया था।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों की निगरानी और जांच के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

