राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस : संस्था ने “अनोखी पहल” के तहत मरीजों काे कराया जलपान,नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधा
औरैया, 01 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार काे समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. की ओर से 50 सैया जिला अस्पताल में “अनोखी पहल” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों, महिलाओं एवं बच्चों को फल और खाद्य सामग्री वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संस्था की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर अस्पताल में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, एंबुलेंस चालकों, सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मियों का अभिनंदन किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी समाज की सबसे महत्वपूर्ण सेवाओं में से एक का निर्वहन करते हैं और उनका सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
संस्था की ओर से शुरू की गई “अनोखी पहल” कार्यक्रम के अंतर्गत अब प्रतिदिन प्रातः 7 बजे जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को चाय, दूध, ब्रेड, बिस्किट आदि के माध्यम से जलपान कराया जाएगा। इसके साथ ही अटल आश्रय गृह, औरैया के सामने स्थित डॉ. सोनी निवास पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक ब्लड प्रेशर, मधुमेह, ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें एवं परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं प्रभारी अधिकारी फार्मेसी पुरुष जिला चिकित्सालय उरई से सेवानिवृत्त डॉ. शिवकुमार सोनी ने बताया कि वर्षों से मरीजों और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का जो सपना था, उसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और मानवता की सेवा करना है।
संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि यह योजना पूर्ण रूप से जनहित को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही है। वहीं संस्था के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति प्रतिदिन दो घंटे चलने वाली निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शिवकुमार सोनी, डॉ. आर्य प्रबुद्ध, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. अवधेश कटियार, डॉ. मंजू सचान एवं डॉ. विशाल अग्निहोत्री सहित कई चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मचारियों को फल एवं खाद्य सामग्री वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक भगवान पोरवाल, किरन सोनी, राम आसरे गुप्ता, सचिन कुमार पोरवाल, हिमांशु दुबे, हरिओम, सतीश पोरवाल सहित कई समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

