औरैया : मंडलीय योगासन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सच्चिदानंद इंटर कॉलेज लहरापुर में मंडलीय माध्यमिक स्तर की योगासन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के छह जिलों औरैया, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा एवं फर्रुखाबाद की टीमों के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न योगासन विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में जिला कोऑर्डिनेटर दीपक द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे। विद्यालय के संरक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्वेश भदौरिया, टीटू भदौरिया, केके अग्निहोत्री और श्यामू सिंह मौजूद रहे। जिला क्रीड़ा सचिव होशियार सिंह राजपूत, सह सचिव भूपदीप सिंह एवं जिला मंत्री मोहित यादव ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता की।
प्रधानाचार्य पवन कुमार नायक ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। प्रधान लिपिक पंकज भदौरिया ने आगंतुकों का माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। संचालन सुरेंद्र प्रकाश पाठक एवं राधेश्याम पांडेय ने किया।
सौम्या और अभय प्रताप ने जीता पहला स्थान
अंडर-14 बालिका वर्ग में सौम्या ने प्रथम, रोशनी ने द्वितीय और दिव्यांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में अभय प्रताप सिंह प्रथम, अमन पाल द्वितीय और केशव तृतीय रहे।
अंडर-17 बालक वर्ग में आकाश कुमार ने प्रथम, अंश पाल ने द्वितीय और अंश शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में श्रष्ठी प्रथम, जोया द्वितीय और यशी शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। विजयी प्रतिभागियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के प्रवक्ता संजय कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर, अमित पोरवाल, अशोक मिश्रा, बलवंत सिंह, शिव सेवक शुक्ला, ललिता, शांति वर्मा, सत्येंद्र सिंह, सत्यप्रकाश सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना सहायल के प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

