home page

ईंट-भट्ठे पर मजदूर की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत

 | 
ईंट-भट्ठे पर मजदूर की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत


औरैया, 29 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के सेगनपुट्ठा स्थित तिलक ईंट उद्योग में काम करने वाले 50 वर्षीय मजदूर मनीष की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। साथी मजदूर और परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

अयाना थाना क्षेत्र के कटघरा गांव निवासी मनीष पिछले करीब 20 वर्षों से तिलक ईंट उद्योग में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बताया गया कि काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर परिजन और भट्ठे पर मौजूद साथी मजदूर उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मनीष की मौत से पत्नी राधा और चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र अनिल (25), अंकित (23) और मोहित (20) के अलावा पुत्री सोनी (19) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार