home page

कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत : राकेश राठौर

 | 
कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत : राकेश राठौर


- भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में प्रभारी मंत्री ने संगठन मजबूती पर दिया जोर

औरैया, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय पर बुधवार को आयोजित कार्यकर्ता बैठक को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु जी’ ने संबोधित किया। उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर ही पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। कहा कि सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है।

मद्य निषेध परिषद के उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।

जिला प्रभारी दिनेश वाजपेई ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से संगठन के कार्यों में जुट जाएं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर पार्टी जीत हासिल करेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम बढ़वाने के लिए सक्रियता से काम करने की अपील की।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, राघव मिश्रा, विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, भूरे चौबे, इन्द्रपाल पाल, प्रतिमा अवस्थी, मोनू सेंगर, मंजू चौहान, योगेंद्र कैथवार, स्वदेश पोरवाल, विमल दुबे, अशोक दोहरे, नीता सेंगर, सुमन नायक, कंचन श्रीवास्तव, दीपक कश्यप, सोनू मिश्रा, प्रभाकर सेंगर और मन्नू तोमर सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार