home page

ओरैया : भाजपा ने प्रदर्शन कर अखिलेश और राहुल गांधी का पुतला दहन किया

 | 
ओरैया : भाजपा ने प्रदर्शन कर अखिलेश और राहुल गांधी का पुतला दहन किया


औरैया, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के कस्बा मुरादगंज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। यह प्रदर्शन नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।

प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया और सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने किया। उनके नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने मुरादगंज क्षेत्र में रैली निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के समर्थन में और विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।

रैली के बाद जिला पंचायत इंटर कॉलेज के समीप पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी नेताओं पर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसका विरोध करने वालों की आलोचना की।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हरपाल ठाकुर, भाजपा नेता शिवम दीक्षित समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इस विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाएगा।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस आयोजन के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और आगामी समय में इस मुद्दे को लेकर और भी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार