दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, चार घायल
औरैया, 15 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के रंजीतपुर गांव के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय दोनों बाइकों पर कुल पांच लोग सवार थे।
भुनियापुर निवासी मिनटुल कुमार (27) अपनी मां गुड़िया देवी (50) और एक अन्य महिला के साथ कंचौसी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से रात करीब एक बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रंजीतपुर गांव के पास सामने से लहरापुर की ओर आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए, जबकि रसूलाबाद निवासी दीपू (34) की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। सूचना पर पीआरवी और कंचौसी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दीपू ने दम तोड़ दिया।
चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

