भरत के त्याग और समर्पण से समाज को प्रेरणा लेने की जरूरत : राजेंद्र मिश्र
औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बाबरपुर-अजीतमल में आयोजित 28वें श्री मानस सम्मेलन के तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन राम नाम की महिमा, चारों युगों की विशेषताओं और भरत चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया गया। संतों और मानस मर्मज्ञों ने अपनी ओजस्वी वाणी से श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इस दौरान भरत के त्याग, प्रेम, समर्पण और आदर्श भाई के चरित्र को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मानस सम्मेलन समिति के महामंत्री डॉ. रामदर्शन कठेरिया ने भगवान के विग्रह पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद संतों एवं विद्वानों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। प्रथम बेला में मानस मर्मज्ञ संत सीताशरण ने मानस ग्रंथ का पूजन किया। राम नाम संकीर्तन के बाद प्रवचन शुरू हुए।
उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलियुग की विशेषताओं की व्याख्या की। उन्होंने कलियुग को विशेष बताते हुए कहा कि इस युग में भगवान का नाम-स्मरण और भक्ति ही मानव कल्याण का सबसे सरल मार्ग है। इसके बाद मध्य प्रदेश के रीवा से आए मानस वक्ता राजेंद्र मिश्र ने रामचरितमानस के भरत चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भरत का त्याग, प्रेम और भगवान श्रीराम के प्रति समर्पण भारतीय संस्कृति में आदर्श भाई का सर्वोत्तम उदाहरण है। राजपद मिलने के बावजूद भरत के मन में कभी अहंकार नहीं आया। उनके लिए सत्ता से बढ़कर श्रीराम के प्रति प्रेम और निष्ठा थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को भरत जैसे आदर्श चरित्र से प्रेरणा लेने और भाईचारे, त्याग, प्रेम व पारिवारिक एकता को जीवन में अपनाने की जरूरत है।
मानस वक्ता राजेंद्र पाठक ने चौपाइयों के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का संदेश दिया। वहीं, रुचि रामायणी, पुष्पांजलि शुक्ला और रामपाल सिंह जालौन ने भी मानस की विभिन्न चौपाइयों की व्याख्या करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। शनिवार की रात्रिकालीन बेला में मानस सम्मेलन का समापन होगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

