पायल ने दौड़ प्रतियोगिता में मारी बाजी
हाथरस, 21 जून (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र के गांव शेरपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शेरपुर रनिंग ग्रुप द्वारा बालक एवं बालिका वर्ग की 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के जिलों और विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिससे पूरे आयोजन में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य तथा राष्ट्रीय एथलीट ओमवीर सिंह, धर्मवीर सिंह गंधार, मुनिकेश पचौरी और अजहरुद्दीन फौजी के निर्देशन में किया गया। सुबह शुरू हुई दौड़ प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरी ऊर्जा और लगन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने समय के आधार पर परिणाम घोषित किए। बालक वर्ग में सासनी निवासी रघु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जयपुर राजस्थान के दर्शन शर्मा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जलालपुर सासनी निवासी दानिश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में अलीगढ़ की पायल शर्मा प्रथम स्थान पर रहीं। दौलतपुर बलदेव, मथुरा की रानी ने दूसरा तथा मोहिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा, ग्राम प्रधान हेमलता सिंह, साकेत ठेनुआ, सादाबाद इंटर कॉलेज के प्रवक्ता धर्मवीर सिंह गंधार और हरिओम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न, प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 3100 रुपये, द्वितीय स्थान के खिलाड़ी को 2100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। साथ ही उन्हें फूलमाला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार होना चाहिए। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और वे जिला, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कार्यक्रम में ओमवीर सिंह, निर्भय भट्ट, अनिल कुमार, संजय माहौर सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

