home page

इविवि के पर्यावरण अध्ययन केंद्र ने मनाया 56वां विश्व पृथ्वी दिवस

 | 
इविवि के पर्यावरण अध्ययन केंद्र ने मनाया 56वां विश्व पृथ्वी दिवस


प्रयागराज, 22 अप्रैल (हि.स)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज़ ने बुधवार को 56वां विश्व पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता के साथ मनाया। यह कार्यक्रम ‘‘ऑवर पॉवर, ऑवर प्लानेट’ (सेव एनर्जी सेव अर्थ) थीम पर आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि आईआईडीएस के निदेशक प्रो. शांथी सुन्दरम ने कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति के हाथ में है। उन्होंने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर जोर दिया। कहा कि हर दिन को पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए और प्रतिभागियों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डीन विज्ञान संकाय प्रो. एस. आई. रिज़वी ने स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं से संसाधनों के अत्यधिक उपयोग को कम करने का आह्वान किया। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। इस अवसर पर परिसर में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम के अंतर्गत स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, ऑनलाइन क्विज़, मॉडल प्रदर्शनी तथा पोस्टर प्रस्तुति जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के संयोजक प्रो.उमेश कुमार सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे।

इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए प्रो.उमेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथियों, विभिन्न विभागों एवं केंद्रों के संकाय सदस्यों तथा प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपशिष्ट उत्पन्न होने की बढ़ती समस्या तथा प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों, विशेष रूप से एसडीजी 6-स्वच्छ जल एवं स्वच्छता तथा एसडीजी 7-सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा पर जोर देते हुए पर्यावरणीय स्थिरता के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का समापन डॉ. पवन कुमार झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

कार्यक्रम के दौरान स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज़ की अंकिता कुमारी को प्रदान किया गया, जिन्हें 3,000 की नकद राशि दी गई। द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज़ की हिमांशी पाल तथा के. बनर्जी सेंटर ऑफ एटमॉस्फेरिक एंड ओशन स्टडीज़ की अलीजा परवीन को को 2,000 की नकद राशि दी गई। तृतीय पुरस्कार के. बनर्जी सेंटर ऑफ एटमॉस्फेरिक एंड ओशन स्टडीज़ के दीपक के. सिंह, सेंटर ऑफ एनवायरनमेंटल स्टडीज़ की जाह्नवी सिंह तथा ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज की सुप्रिया यादव को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। प्रत्येक विजेता को 1,000 की नकद राशि दी गई। अन्य सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए स्मृति-चिह्न एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र