अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट ने मनाई हरियाली तीज, महिलाओं ने की शिव-पार्वती की पूजा
जौनपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। हरियाली तीज के अवसर पर अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार की ओर से सोमवार को शहर के एक लॉन में तीज उत्सव का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव-पार्वती और गणेश जी की पूजा-अर्चना से हुई।
मुख्य अतिथियों डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. शैली निगम, रीता जायसवाल, बबीता सिंह, पायल किन्नर और राधिका सिंह ने पूजन किया। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने हरे रंग के परिधान धारण कर पारंपरिक तरीके से हरियाली तीज मनाई। महिलाओं ने भगवान शिव के भक्ति गीत गाकर अपने पतियों की लंबी आयु, सुख और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में कजरी और भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को पान खिलाकर पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। किन्नर समिति के सदस्यों ने नृत्य प्रस्तुत किया, जिसका सभी ने आनंद लिया। महिलाओं ने भी उत्साह के साथ नृत्य में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।ट्रस्ट परिवार की ओर से कार्यक्रम में शामिल सुहागिन महिलाओं को सुहाग सामग्री भेंट की गई। इसमें सिंदूर, बिंदी, मेहंदी, चूड़ियां और अन्य श्रृंगार सामग्री शामिल रही।कार्यक्रम में डॉ. शुभा सिंह, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. माया सिंह, डॉ. अलकेश्वरी सिंह, डॉ. ममता दूबे, वंदना सरकार, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, मीरा अग्रहरि, नीलम मिश्रा, सरोज गुप्ता, क्षमा सिंह, पूनम सिंह, रेखा सिंह, राखी सिंह, किरण सिंह, अंजू सिंह, गीता दूबे, नेहा सिंह, रिचा सिंह, अर्चना सिंह, प्रीति गुप्ता, रजनी साहू, सरिता सिंह, रेखा मिश्रा, रेनू गुप्ता, सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं। किन्नर समाज के भी कई सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

