एटीएस ने आतंकवादी शाहजाद भट्टी गिरोह से जुड़े संदिग्धों की तलाश में प्रदेश के कई जिलाें में की छापेमारी
लखनऊ, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीमाें ने पाकिस्तानी आतंकवादी शाहजाद भट्टी के गिरोह से जुड़े संदिग्धों की तलाश में शनिवार को लखनऊ समेत करीब 10 जिलों में छापेमारी की कार्रवाई की है। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यूपी पुलिस की रिपोर्ट के बाद भारत सरकार ने 16 सितंबर को शाहजाद भट्टी नेटवर्क को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून यानी यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित किया था। इसके बाद से एटीएस सक्रिय हुई और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी लगाने में जुट गई है। इसी क्रम शनिवार को एटीएस की कई टीमाें ने लखनऊ समेत तकरीबन 10 से अधिक जिलों में संदिग्धों के ठिकानों पर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पश्चिमी उत्तर प्रदेश और इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार लोगों से मिली जानकारी के बाद की जा रही है।
एटीएस के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई थी कि शाहजाद भट्टी के नेटवर्क से कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए संपर्क और आपसी जानकारी बढ़ा रहे हैं। इन पर शिकंजा कसने के लिए एटीएस की टीम सोशल मीडिया संपर्कों को भी लेकर पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

