home page

सादगी के साथ मनाएंगे अटल जी की पुण्यतिथिः ब्रजेश पाठक

 | 
सादगी के साथ मनाएंगे अटल जी की पुण्यतिथिः ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 06 अगस्त (हि.स.)। पंडित अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारत रत्न श्रद्धेय पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि 16 अगस्त को सादगी के साथ मनाई जाएगी। इस संबंध में राजभवन कॉलोनी में आहूत बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।

यह जानकारी प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी। डा. ब्रजेश पाठक ने बताया कि 16 अगस्त को केजीएमयू स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में अटल स्मृति संध्या का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में पद्मश्री एवं प्रख्यात कवि प्रो.अशोक चक्रधर द्वारा एकल काव्य पाठ किया जाएगा। उप मुुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी संतोष सिंह, त्रियंबक त्रिपाठी, मंत्री, लखनऊ व्यापार मंडल नारायण शुक्ला, डॉ. केके सिंह, डिप्टी मेयर पम्मी तिवारी, संजय चौधरी, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, विनायक पांडेय, रमेश तूफानी, अंजनी शुक्ला, रमाशंकर शुक्ला, पूर्व डीजी पुलिस डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला, लोकनाथ अग्रवाल एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन