home page

मुरादाबाद में एनक्यूएएस के तहत 239 आरोग्य मंदिरों का होगा मूल्यांकन

 | 
मुरादाबाद में एनक्यूएएस के तहत 239 आरोग्य मंदिरों का होगा मूल्यांकन


मुरादाबाद, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के 239 आरोग्य मंदिरों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता अब राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर परखी जाएगी। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रणाली (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सिस्टम-एनक्यूएएस) के तहत इन केंद्रों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

एनक्यूएएस के नोडल अधिकारी डॉ. आरिफ ने गुरुवार को बताया कि सभी आरोग्य मंदिरों का चरणबद्ध तरीके से मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान प्रत्येक आरोग्य मंदिर को विभिन्न मानकों के आधार पर अंक दिए जाएंगे। इन अंकों के आधार पर केंद्रों की कार्यप्रणाली, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले केंद्रों को गुणवत्ता प्रमाणन मिलने की संभावना रहेगी। एनक्यूएएस के तहत केंद्रों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाएं, साफ सफाई और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों के पंजीकरण और रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली, जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) के निस्तारण, आपातकालीन सेवाओं की तैयारी तथा मरीजों की संतुष्टि जैसे बिंदुओं की जांच की जाएगी।

इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां और समुदाय आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन की भी समीक्षा होगी। मूल्यांकन टीम यह भी देखेगी कि केंद्रों पर निर्धारित समय तक सेवाएं उपलब्ध हैं या नहीं और मरीजों को आवश्यक परामर्श व उपचार समय पर मिल रहा है या नहीं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल