कानपुर देहात : अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर निर्माण में करंट से मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा
कानपुर देहात, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के रनिया थाना क्षेत्र के मयूर चौराहे के पास स्थित निर्माणाधीन अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में गुरुवार को करंट लगने से एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान लोहे के शेड की वेल्डिंग के समय करंट दौड़ने से 42 वर्षीय मजदूर सूरज की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इसका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने ठेकेदार और सर्विस सेंटर के कर्मचारियों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सर्विस सेंटर के मुख्य गेट पर रखकर कई घंटों तक हंगामा किया। मृतक के बाबा श्रीराम ने बताया कि सूरज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि सूरज के भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जिससे अब उसके पिता अकेले रह गए हैं। वहीं सूरज अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके पालन-पोषण का अब कोई सहारा नहीं बचा है। परिजनों ने प्रशासन से परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। रनिया थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि निर्माणाधीन अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में काम करते समय करंट लगने से एक मजदूर की मृत्यु हो गई है। परिजनों को समझाया जा रहा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

