home page

किसान ने पकड़ी घटतौली ताे फरार हुआ व्यापारी, मंडी सचिव ने जब्त किया कांटा बांट

 | 
किसान ने पकड़ी घटतौली ताे फरार हुआ व्यापारी, मंडी सचिव ने जब्त किया कांटा बांट


लाईसेंस हो सकता है निरस्त

हमीरपुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे की नवीन गल्ला मंडी में रविवार को मटर की तौल कराते समय किसान ने शक होने पर घटतौली पकड़ ली। घटतौली पकड़े जाते ही व्यापारी मौका पाकर आढ़त से फरार हो गया। किसान की शिकायत पर मौके पर पहुंचे मंडी सचिव ने जब इलेक्ट्रॉनिक कांटे को चेक किया तो 06 किलो का अंतर पाया। उन्होंने कांटे को जब्त करके कार्यालय में रखवाकर किसान की शिकायत पर आढ़ती के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की है।

इंगोहटा गांव का किसान भोला शंकर तिवारी मटर की उपज लेकर रविवार को मंडी में बेचने आया था। वह मंडी के आढ़ती शिव प्रकाश उर्फ राजू प्रजापति की फर्म आरएन ट्रेडर्स में चार हजार रुपये प्रति कुंतल की दर से बेचने लगा। तौल करते समय किसान को आशंका हुई कि 60 किलो की जगह बोरी में अधिक माल तौला जा रहा है। लिहाजा उसने दूसरे कांटे में तौल की गई बोरी को रखा तो वह 60 किलो की जगह 64 किलो की निकली। इससे किसान ने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा मचने पर तमाम आढ़ती भी मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। किसान ने घटतौली की शिकायत मंडी सचिव ब्रजेश कुमार निगम से की। मंडी सचिव के आने की भनक पाकर आढ़ती मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे मंडी सचिव ने कांटे में खड़े होकर अपनी तौल की तो वजन 102 कुंतल निकाला। इसके बाद कांटा बंद करके दोबारा चालू किया गया जिसमें मंडी सचिव का वजन 96 किलो हो गया। इस पर सचिव ने कांटे को जब्त करके मंडी कार्यालय में जमा कराया है और किसान से लिखित शिकायत लेकर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने कहा कि सोमवार से उक्त आढ़ती मंडी के अंदर कारोबार नहीं करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा