आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा : नितिन कुमार शर्मा
कानपुर, 27 जून (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्वास्थ्य सेवाओं, दवा खोज, व्यक्तिगत उपचार और फार्मास्यूटिकल उद्योग में तेजी से बदलाव ला रहा है। विद्यार्थियों को नई तकनीकों के साथ स्वयं को लगातार अपडेट रखना चाहिए, ताकि भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए वे तैयार रह सकें। यह बातें शनिवार को इल्यूमिना एरिज़ोना (अमेरिका) के सीनियर इंजीनियर नितिन कुमार शर्मा ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में फंडामेंटल्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड हैंड्स-ऑन ऐप डेवलपमेंट विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता नितिन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, आधुनिक ऐप डेवलपमेंट और उनके व्यावहारिक उपयोगों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग दवा खोज, व्यक्तिगत उपचार, रोग निदान और स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण में तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह तकनीक फार्मास्यूटिकल उद्योग में नई संभावनाओं के साथ कार्यप्रणाली को भी बदल देगी।
व्याख्यान के दौरान स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थी विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में एआई की विश्वसनीयता, दवा विकास में इसकी भूमिका तथा रोजगार की संभावनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने सभी जिज्ञासाओं का व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक निदेशक डॉ. अनुप्रिया कपूर ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर किया। समापन पर डॉ. कल्पना ने वक्ता, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में इस प्रकार के उद्योग एवं तकनीक आधारित विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

