आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण के दौरान आपस में भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता
लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण के दौरान रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये। धक्का—मुक्की के दौरान स्थिति यहां तक बिगड़ गयी कि हाथापाई के बाद जूते—चप्पल भी चल गये। इससे नाराज पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कांग्रेस कार्यालय से बाहर आकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गये। अजय राय ने कांग्रेस नेता ममता चौधरी पर अपने व अपने समर्थकों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी होते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद अजय राय को मनाकर वापस लाये। हुआ यह कि नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर महात्मा गांधी व इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण किया। इसके बाद वह पदभार ग्रहण करने के लिए कमरे में घुसी। उनके पीछे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ कमरे के अंदर जाने लगी। वहां पर मौजूद कुछ कार्यकर्ता भीड़ को अंदर जाने से रोकने लगे। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गये। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को अध्यक्ष का पदभार सौंपा। मोना ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम की उपस्थिति में अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला।
इस अवसर पर आराधना मिश्रा मोना ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा,प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ संगठन के दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प मैंने लिया है। हम संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने,पार्टी कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान व सहभागिता सुनिश्चत करने और कांग्रेस की जनहितैषी विचारधारा को प्रदेश जन—जन तक पहुंचाने का काम करूंगी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आराधना मिश्रा मोना ने देश के लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा में उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए चुनावी निष्पक्षता, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, नागरिकों के संवैधानिक मताधिकार तथा चुनाव आयोग की जवाबदेही से जुड़े अत्यंत गंभीर और महत्वपूर्ण सवाल उठाए।
उन्होंने प्रदेश में चरम पर पहुंची बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों, बदहाल शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बुनियादी ढांचे के अभाव तथा किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को कटघरे में खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की विफलताओं के विरुद्ध कांग्रेस के प्रस्तावित साप्ताहिक ‘चार्जशीट अभियान’ की घोषणा करते हुए जानकारी दी गई कि इसके तहत प्रत्येक सप्ताह जनहित से जुड़े एक प्रमुख विषय पर चार्जशीट जारी कर सरकार से सीधी जवाबदेही की मांग की जाएगी। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरपर्सन कुंवर सिंह निषाद,प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र निषाद व प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

