home page

भाजपा सरकार का क्या भरोसा: आराधना मिश्रा ‘मोना’

 | 
भाजपा सरकार का क्या भरोसा: आराधना मिश्रा ‘मोना’


लखनऊ, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रविवार को अपने जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का क्या भरोसा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को भाजपा सरकार ने बेटियों के लिए सर्वाधिक असुरक्षित प्रदेश बना दिया है। घर से स्कूल निकली बेटियां लौटकर घर नहीं आती हैं। बलात्कार का शिकार हो जाती हैं, फिर मौत के घाट उतार दी जाती हैं। अगर बच गईं तो गर्भवती हो जाती हैं और उसके बाद प्रसव पीड़ा से नाबालिग और उसके बच्चे की मौत हो जाती है। बीते 10 वर्षों में योगी आदित्यनाथ सरकार के नकारेपन ने ऐसी दर्दनाक कहानियों की रक्तरंजित सुर्खियों से पूरे यूपी को पाट दिया है। अब प्रदेश की जनता कह रही है जिसने यूपी का किया ये हाल, उसे और क्यों दें पांच साल।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सवाल सिर्फ इन घटनाओं का नहीं, पूरी व्यवस्था का है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक वर्ष में 66,381 मामले दर्ज हुए हैं, यानी औसतन लगभग 182 मामले प्रतिदिन। इसी वर्ष उत्तर प्रदेश में 3,516 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं जो औसतन 9.6 मामले प्रतिदिन है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से सवाल किया जब स्कूल से घर लौटती बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, पांच साल की बच्ची सुरक्षित नहीं है, 10 साल की बच्ची सुरक्षित नहीं है और नाबालिग छात्राओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, तो सरकार हाथ पर हाथ रखकर क्यों बैठी है? जो सत्ता बेटियों को सुरक्षित स्कूल, सड़क और घर नहीं दे सकती, उस सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि बेटियां डर में नहीं, सम्मान और सुरक्षा के साथ जीना चाहती हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन