home page

आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक वृद्धि को मिली स्वीकृति

 | 
आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक वृद्धि को मिली स्वीकृति


लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए निदेशक सूचना विशाल सिंह ने विभाग में कार्यरत आउटसोर्स जनशक्तियों को संशोधित एवं बढ़े हुए पारिश्रमिक का भुगतान किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। लगभग छह वर्षों से आउटसोर्स कर्मियो के पारिश्रमिक में कोई वृद्धि नहीं हुई थी, जिसके कारण कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर इस संबंध में मांग उठाई जा रही थी।

विभागीय स्तर पर गठित समिति द्वारा इस विषय पर विस्तृत परीक्षण एवं शासनादेशों के अनुरूप संस्तुति तैयार की गई थी। शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक एवं आउटसोर्स सेवा निगम की व्यवस्था के अनुसार विभाग में कार्यरत विभिन्न श्रेणी के कर्मियों के पारिश्रमिक पुनर्निर्धारित किए गए है।

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार विभाग में कार्यरत विभिन्न पदों जैसे Assistant Media Co Ordinator, Assistant Programmer, Establishment-Publicity Assistant, T.V. Technician, Junior Photographer/Cameraman, Computer Operator, Assistant Urdu Editor, Proof Reader (Urdu), Account Assistant, Driver LMV एवं Multi Tasking Staff को श्रेणीवार निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक का लाभ मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय आउटसोर्स कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ विभागीय कार्यों में उनकी कार्यक्षमता को भी और अधिक सुदृढ़ करेगा।

उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा शासन के विभिन्न आदेशों एवं आउटसोर्स सेवा निगम के प्रावधानों का अनुपालन करते हुए प्रस्ताव तैयार किया गया था। निदेशक सूचना विशाल सिंह द्वारा दी गई इस स्वीकृति से लंबे समय से प्रतीक्षारत आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी राहत मिली है तथा उन्हें बढ़े हुए पारिश्रमिक का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय