बकरी पालन योजना के लिए आवेदन आमंत्रित, 90 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
देवरिया, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने शनिवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या-15 के अंतर्गत बकरी पालन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत जिले में 10 इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना में राज्यांश 90 प्रतिशत तथा लाभार्थी अंश 10 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य सीमांत कृषकों, भूमिहीन मजदूरों, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं की आय में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा कुपोषण से बचाव के लिए बकरी पालन को बढ़ावा देना है।
योजना के अंतर्गत प्रति इकाई एक नर एवं पांच मादा बकरियों का क्रय कराया जाएगा। प्रत्येक इकाई की कुल लागत 60 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 54 हजार रुपये राज्यांश तथा छह हजार रुपये लाभार्थी अंश होगा। योजना के तहत बकरियों के क्रय के साथ बीमा, चिकित्सा एवं परिवहन की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि योजना के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के जनपद निवासी आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों के चयन में भूमिहीन महिला एवं पुरुष, विधवा, निराश्रित महिला तथा बेरोजगार परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उपलब्धतानुसार तीन प्रतिशत दिव्यांगजनों को भी योजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भेड़ एवं बकरी पालन प्रशिक्षण केंद्र, इटावा तथा केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, फराह, मखदमू, मथुरा से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को चयन में वरीयता दी जाएगी।
इच्छुक पशुपालक योजना का लाभ लेने हेतु विकास खंड स्तरीय समिति के माध्यम से 28 मई 2026 तक अपना आवेदन पत्र कार्यालय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, विकास भवन, देवरिया में जमा कर सकते हैं। इसके बाद जनपद स्तरीय समिति द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

