वाराणसी: पिशाचमोचन कुंड का बदलेगा स्वरूप, श्रद्धालुओं को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगेंगे बेंच और कैनोपी, छठ पूजा के लिए भी व्यवस्थित स्थान
वाराणसी, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने पौराणिक और धार्मिक महत्व वाले पिशाचमोचन कुंड (तालाब) के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार शाम नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिशाच मोचन तालाब की सफाई के साथ-साथ उसके चारों ओर बने पाथवे को और अधिक सुंदर बनाने के निर्देश दिया और कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काशी के तालाबों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलनी चाहिए।
नगर आयुक्त ने पाथवे के किनारे आकर्षक वाल पेंटिंग कराने और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच लगाने का निर्देश दिया । साथ ही धूप और बारिश से बचाव के लिए पाथवे के रिक्त स्थानों पर कैनोपी (शेड) बनाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि पूजा-पाठ करने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रात के समय कुंड की भव्यता बढ़ाने के लिए पूरे पाथवे पर फैंसी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। पिशाच मोचन कुंड के समीप स्थित पार्क के सुंदरीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने मंदिर की ओर छठ पूजा के लिए एक विशेष और व्यवस्थित स्थल विकसित करने को कहा।
—पर्यटकों के लिए जगमगाएगा दशाश्वमेध मार्ग
शहर की यातायात और सौंदर्यीकरण व्यवस्था को देखते हुए नगर आयुक्त ने दशाश्वमेध-गोदौलिया चौराहे पर लगे वाटर फव्वारों को तत्काल क्रियाशील करने का आदेश दिया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मांग पर उन्होंने निर्देश दिया कि दशाश्वमेध घाट जाने वाले मार्ग पर लगी मौजूदा सौर लाइटों के स्थान पर अधिक प्रकाश वाली फैंसी लाइटें लगाई जाएं। इसके साथ ही, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर द्वार के समीप होलिका दहन स्थल पर क्षतिग्रस्त हुए पत्थरों (चौका) को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास,भाजपा पार्षद इंद्रेश सिंह, मनीष गुप्ता, श्रवण गुप्ता, अमरेश कुमार मुख्य अभियंता आरके सिंह भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

