home page

याेजना शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं श्रमिक : सौम्या अग्रवाल

 | 
याेजना शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं श्रमिक : सौम्या अग्रवाल


कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। विभाग की ओर से आयोजित शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य परीक्षण के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह बातें गुरुवार को श्रम आयुक्त, उत्तर प्रदेश सौम्या अग्रवाल ने श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर के दौरान कही।

सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग, कानपुर और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में पनकी औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग कुंज स्थित आईआईए भवन और ईएसआईएस औषधालय में शिविर लगाया गया। इसका शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने किया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर चिकित्सकों और श्रमिकों से जानकारी ली।

शिविर में शाम पांच बजे तक 1887 श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पैथोलॉजिकल जांच, दवा वितरण और चिकित्सकीय परामर्श किया गया। वहीं, बीओसीडब्ल्यू बोर्ड में पंजीकृत 12 निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इन योजनाओं के तहत कुल 12 लाख तीन हजार 62 रुपये की धनराशि का लाभ दिया गया।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि श्रम विभाग ने पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजन किया है। उन्होंने श्रमिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य श्रमिकों को भी इनके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न योजनाएं चला रही है।

श्रम आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि कानपुर से प्रदेश का पहला श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर शुरू हुआ है। इसे जल्द ही प्रदेश के सभी 75 जिलों तक विस्तार दिया जाएगा। ईएसआईएस के निदेशक बसंत अग्रवाल ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।

आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तरुण खेत्रपाल ने शिविर को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए श्रम विभाग के अधिकारियों की सराहना की। शिविर में पंजीयन के लिए लगाए गए काउंटर पर 50 श्रमिकों का डिजिटल माध्यम से पंजीयन कराया गया, जबकि आठ निर्माण श्रमिकों का बीओसीडब्ल्यू बोर्ड में पंजीयन हुआ।

कार्यक्रम में अपर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद, अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र शमीम अख्तर, डॉ. गायत्री जायस, डॉ. सुनीता अग्रवाल, डॉ. बबिता कुमारी, केसी झा समेत आईआईए और श्रम विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विकान्त अग्रवाल और शमीम अख्तर ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप