home page

अपना दल (एस) ने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम से किया 2027 चुनाव का शंखनाद

 | 
अपना दल (एस) ने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम से किया 2027 चुनाव का शंखनाद


अपना दल (एस) ने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम से किया 2027 चुनाव का शंखनाद


अपना दल (एस) ने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम से किया 2027 चुनाव का शंखनाद


अपना दल (एस) ने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम से किया 2027 चुनाव का शंखनाद


जनता के विश्वास से अपना दल (एस) आज उप्र की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति : अनुप्रिया पटेल

लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को और अधिक सशक्त राजनीतिक शक्ति बनाने के लिए अभी से गांव, वार्ड एवं बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास के बल पर अपना दल (एस) आज उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है। यह बातें अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कही।

अनुप्रिया पटेल गुरुवार को डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि जिस दल को कभी राजनीतिक विरोधी “वोट कटवा” कहकर उपहास का विषय बनाते थे, वही आज प्रदेश विधानसभा में 13 विधायकों के साथ जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाली प्रभावशाली राजनीतिक ताकत बन चुका है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय तथा पिछड़े, दलित, वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना अपना दल (एस) की मूल विचारधारा है। इसी उद्देश्य से पार्टी निरंतर देश में जातीय जनगणना, विशेष रूप से ओबीसी की गणना, ओबीसी कल्याण के लिए पृथक मंत्रालय की स्थापना, ओबीसी क्रीमी लेयर की वार्षिक आय सीमा 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने, प्रतियोगी परीक्षाओं में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ कट-ऑफ संबंधी विसंगतियों को समाप्त करने, नीट-पीजी एवं एमबीबीएस के ऑल इंडिया कोटा में ओबीसी आरक्षण का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा 69 हजार शिक्षक भर्ती एवं आउटसोर्सिंग नियुक्तियों में आरक्षण नियमावली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग लगातार उठाती रही है।

उन्होंने कहा कि सत्ता में भागीदारी के बावजूद अपना दल (एस) ने कभी भी सामाजिक न्याय के मुद्दों से समझौता नहीं किया है और पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकार, सम्मान एवं भागीदारी के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।

अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से “हर घर झंडा अभियान” को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जिससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा एवं नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया। इनमें समाजवादी मजदूर सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं निषाद, केवट तथा मल्लाह समाज के अधिकारों के लिए लंबे समय से सक्रिय बृजेश कश्यप, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता (अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म मिशन रानीगंज में अभिनय कर चुके) एवं वैश्य समाज युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव प्रतीक तथा सहकारिता विभाग के सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर रामरेख वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। पार्टी नेतृत्व ने सभी नव-समिलित सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और व्यापक सामाजिक समर्थन प्राप्त होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम (जाटव) ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र प्रसाद पाल ने किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, डॉ. सोनेलाल पटेल की सुपुत्री अमन पटेल, पार्टी के सभी विधायक, राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी तथा प्रदेशभर से आए हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सोनेलाल पटेल जी के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान एवं वैचारिक विरासत पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। वृत्तचित्र ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा