home page

प्रयागराज ट्रिपल आईटी में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 29 मार्च से

 | 
प्रयागराज ट्रिपल आईटी में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 29 मार्च से


प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) इलाहाबाद अपने बहुप्रतीक्षित तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव “एफर्वेसेंस 2026” के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह उत्सव संस्थान के झलवा परिसर में 29 से 31 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने शुक्रवार को देते हुए बताया कि संस्कृति, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा के जीवंत संगम के लिए प्रसिद्ध एफर्वेसेंस देश भर से प्रतिभागियों को आकर्षित करता है और इस वर्ष भी विविध कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों की भव्य श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दिन यानी 29 मार्च को उत्सव की शुरुआत कॉग्नोसेंटिया राउंड-2, बाइक शो और ओपन डांस जैसे रोमांचक कार्यक्रमों के साथ होगी। शाम को उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद अनप्लग्ड, माइम और मूवी नाइट जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी, जो पूरे उत्सव का उत्साहपूर्ण माहौल तैयार करेंगी।

दूसरे दिन, 30 मार्च के मुख्य आकर्षणों में क्रॉस रोड्स, फेस पेंटिंग एवं कॉस्प्ले, ए ला मोड (फैशन शो), साइकेडेलिया, इनोवेशन प्रदर्शन और ऊर्जावान नृत्य प्रतियोगिता फुटलूज़ शामिल हैं। ये कार्यक्रम प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेंगे।

अंतिम दिन, 31 मार्च को ग्रैफिटी, नुक्कड़ नाटक और ओपन माइक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कला और अभिव्यक्ति को मंच दिया जाएगा। उत्सव का समापन प्रसिद्ध पार्श्व गायक बेनी दयाल की भव्य संगीत प्रस्तुति के साथ होगा, जो इसे एक यादगार समापन प्रदान करेगा।

उत्सव के समन्वयक ध्रुव समदानी ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश भर के छात्रों और कलाकारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की उम्मीद है, जिससे यह प्रतिभा, विविधता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक भव्य मंच बनेगा। समदानी ने बताया एफर्वेसेंस शहर की रचनात्मकता और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देने की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए सभी प्रतिभागियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र