दीपावली से पहले वेतन न मिलने से मीटर रीडरों में मायूसी, डीएम को ज्ञापन देकर लगाई गुहार
महोबा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश जनपद महोबा में विद्युत विभाग के अंतर्गत मीटर रीडिंग का कार्य करने वाले समस्त मीटर रीडरों ने दो माह का लंबित वेतन दीपावली से पूर्व दिलाए जाने और आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी प्रभास कुमार को ज्ञापन सौंपा है।
जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कार्यालय पहुंचकर मीटर रीडरों ने डीएम को ज्ञापन सौंप समस्या के निराकरण की मांग की है। मीटर रीडर योगेश कुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ विभागीय कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। दशहरा जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार पर भी वेतन नहीं मिला और अब दीपावली भी निकट है, जबकि लगभग दो माह का वेतन लंबित है। वेतन न मिलने से उनके परिवार को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और अब बिना वेतन के त्यौहार मनाना भी मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से समस्त मीटर रीडरों ने दो माह का लंबित वेतन दीपावली से पूर्व तत्काल भुगतान कराने ,भविष्य में प्रत्येक माह निश्चित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने और विद्युत विभाग में वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे मीटर रीडरों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल किए जाने की मांग शासन तक पहुंचाने की मांग की। इससे वेतन एवं सेवा संबंधी असुरक्षा और कथित शोषण से राहत मिल सके।
हर दो-तीन माह में रोक दिया जाता है वेतन
मीटर रीडर कौशल , रमेश, धीरेन्द्र समेत अन्य का कहना है कि यह समस्या पहली बार नहीं हुई है। लगभग हर दो-तीन माह में वेतन लंबे समय तक रोक दिया जाता है। हम नियमित रूप से विभागीय कार्य करते हैं, लेकिन समय पर मेहनताना न मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च एवं त्योहारों की आवश्यकताएं पूरी करना कठिन हो जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

