home page

रायबरेली में मुठभेड़ के बाद गोतस्कर गिरफ्तार, साथी फरार

 | 
रायबरेली में मुठभेड़ के बाद गोतस्कर गिरफ्तार, साथी फरार


रायबरेली, 26अप्रैल(हि.स.)। पुलिस और गो तस्करों के बीच रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में पचास हजार के इनामी गैंगस्टर को गिरफ़्तार किया गया है। गैंगस्टर गोली लगने से घायल है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फ़रार हो गया है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है और फ़रार की तलाश की जा रही है।

जिले की डलमऊ पुलिस की टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए मकनपुर तिराहे पर सर्च ऑपरेशन चला रही थी। तभी रविवार तड़के करीब 01:35 बजे एक संदिग्ध कंटेनर (UP21BN6720) आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी। आईटीबीपी कैंप के पास ग्राम भटनी हार के करीब पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। पुलिस की एक गोली बदमाश नजमुद्दीन (निवासी बरेली) के बाएं पैर में जा लगी,जिससे वह लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया,जबकि उसका साथी मो.सुबीन (निवासी मुरादाबाद) अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पहले सीएचसी डलमऊ और फिर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा (315 बोर),दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कंटेनर बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपित नजमुद्दीन पर रायबरेली और वाराणसी समेत कई जिलों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता और शस्त्र अधिनियम के गंभीर मामले दर्ज हैं। वह डलमऊ थाने से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था और उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। अब पुलिस फरार आरोपी सुबीन की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि पुलिस ने कई जिलों में वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इसके साथी को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे